राष्ट्रीय

झारखंड में लोगों को गुमराह करने के लिए भाजपा पाखंडियों को ला रही है: सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता कल्पना सोरेन ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए उस पर विधानसभा चुनाव से पहले लोगों को गुमराह करने के लिए राज्य में ‘पाखंडियों’ को लाने का आरोप लगाया। कल्पना सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साहस के सामने ‘आत्मसमर्पण’ कर दिया है। भारी बारिश के बीच रैली में बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं का अभिनंदन करते हुए गांडेय विधायक ने कहा कि ‘मैया सम्मान योजना’ के तहत मौद्रिक सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में विधिवत जमा कराई जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे बारिश हो या चक्रवात, बहनों के सम्मान और स्वाभिमान के लिए हमारा प्रयास नहीं रुकेगा।’’बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कल्पना सोरेन ने कहा, ‘‘हेमंत की हिम्मत के आगे भाजपा ने घुटने टेक दिए हैं, यही वजह है कि अलग-अलग राज्यों से पाखंडी लोग झारखंड आ गए हैं और नफरत फैलाने और लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं।’’ झारखंड में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *