देहरादून का बेहद लोकप्रिय और सुरम्य लच्छीवाला नेचर पार्क
देहरादून। देहरादून में स्थित लच्छीवाला बेहद लोकप्रिय और सुरम्य नेचर पार्क है। साल के घने पेड़ों से घिरा यह स्थान अपनी शांत बहती सुस्वा नदी, मानव-निर्मित प्राकृतिक जल कुंडों (पूल) और बर्ड-वाचिंग के लिए जाना जाता है। नदी के ठंडे पानी से भरे कुंडों में तैरने (स्नान करने) का शानदार अनुभव यहां मिलता है। घने जंगलों के बीच पैदल चलने और पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को देखने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। यहाँ बोटिंग, एडवेंचर एक्टिविटीज, छोटे बच्चों के लिए झूले और धरोहर नाम का एक म्यूजियम भी मौजूद है।
लच्छीवाला देहरादून के पास स्थित एक लोकप्रिय पिकनिक स्थल है। राजाजी के वन क्षेत्र में स्थित लच्छीवाला अपनी हरियाली, सुंदर कॉटेज के लिए प्रसिद्ध है। वन क्षेत्र से बहने वाली छोटी सी सुस्वा नदी इस जगह की सुंदरता को और भी बढ़ा देती है। यह छोटी नदी एक प्राकृतिक वाटर पार्क की तरह है जहाँ लोग तैराकी, नौका विहार आदि जैसी कई तरह की जल गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। यह जगह खासकर सप्ताहांत में परिवारों के बीच घूमने-फिरने के लिए लोकप्रिय है। यहां हर्बल गार्डन और बटरफ्लाई गार्डन में रंग-विरंगी तितलियां आल्हादित कर देती हैं। म्यूजियम में उत्तराखंड की संस्कृति से लेकर अंग्रेजी शासन काल के समय की तमाम जानकारियां उपलब्ध हैं। वीआर रूम भी बच्चों व बुजुर्गों के लिए मनोरंजन का केंद्र बना हुआ है। नेचर पार्क में बोटिंग के अलावा म्यूजिकल फाउंटेन शो का भी पर्यटक आनंद ले सकते हैं। यहां पर लगे विभिन्न प्रकार के झूले बच्चों को खूब मनोरंजन करते हैं। रोज गार्डन, औषधीय पौधे व तुलसी वाटिका भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इसके साथ ही गर्मी छू मंतर करने के लिए यहां पूरा इंतजाम है। यहां पर्यटक ठंडे पानी में अठखेलियां करते हैं। पर्यटकों के लिए यहां खाने पीने के स्टाल भी लगाए गए हैं।
लच्छीवाला नेचर पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र यहां का धरोहर म्यूजियम है। इस म्यूजियम में आपको उत्तराखंड की हर एक यूनिक और विशेष महत्व वाली सामग्रियां मिलेंगी। यहां पर उत्तराखंड के प्राकृतिक धरोहरों से जुड़े बेहतरीन प्रेजेंटेशन के अलावा पारंपरिक और पौराणिक सामग्रियां भी यहां पर संजो कर रखी गई है। धरोहर म्यूजियम में उत्तराखंड की इतिहास से जुड़े वो दुर्लभ फुटेज हैं, जिसे वीडियो आर्काइव के रूप में म्यूजियम में दिखाया जाता है। इस वीडियो आर्काइव में चारधाम यात्रा के पिछली सदी के कुछ दुर्लभ वीडियो फुटेज के अलावा उत्तराखंड के इतिहास से जुड़े कुछ ऐसे वीडियो फुटेज भी यहां पर संजोए गए हैं, जो कि बेहद दुर्लभ हैं। म्यूजियम में आपको उत्तराखंड में पाए जाने वाली 100 से ज्यादा प्रकार के दालें, पहाड़ों पर इस्तेमाल होने वाले ऑर्गेनिक प्रोडक्ट और उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़ी तमाम तरह की पोशाकें यहां पर देखने को मिलेगी।
धरोहर म्यूजियम के अलावा नेचर पार्क में आपको एडवेंचर, बोटिंग, म्यूजिकल फाउंटेन, फूड कोर्ट के अलावा दर्जनों एक्टिविटी करने का मौका मिलेगा। डोईवाला में मौजूद यह नेचर पार्क देहरादून से बेहद नजदीक है तो वहीं इसके पॉपुलर होने का दूसरा कारण ये भी है कि यह हाईवे से बिल्कुल जुड़ा हुआ है। हाईवे से 2 किलोमीटर अंदर जाकर बेहद सुंदर प्राकृतिक सौंदर्य से भरा यह नेचर पार्क शहर की दौड़ भाग से बिल्कुल अलग एहसास कराता है। यहां पर मौजूद हरियाली और यहां बहते पानी को देख आप सुकून महसूस करेंगे।
पहले यह लोकल टूरिज्म के लिए एक बेस्ट डेस्टिनेशन हुआ करता था, लेकिन अब इसकी पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ रही है कि बाहर से भी लोग बड़ी संख्या में यहां पर आ रहे हैं। यहां पर कल-कल करता नदी का पानी प्राकृतिक स्रोत से आ रहा है, जहां पर आराम से गोते लगाकर चिलचिलाती गर्मी से सुकून पा सकते हैं। पार्क सभी वर्ग के पर्यटकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

