उत्तराखण्ड

वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता का संदेश लेकर कोटद्वार से हरिद्वार के लिए रवाना हुई बाइक रैली

कोटद्वार। वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज कोटद्वार में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से हरिद्वार तक आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति की अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। रैली के माध्यम से आमजन को वन्यजीवों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि वन्यजीव हमारी प्राकृतिक धरोहर और पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग हैं। इनका संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। वन्यजीवों और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी इस अमूल्य प्राकृतिक विरासत का संरक्षण करें। वन्यजीवों की सुरक्षा, वनों का संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि इस प्रकार की जागरूकता रैलियां समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ ही लोगों को वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रेरित करती हैं। वन्यजीवों का संरक्षण हमारी भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने रैली में प्रतिभाग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बाइक राइडर्स एवं प्रकृति प्रेमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने आमजन से अपील की कि वे वन्यजीवों के संरक्षण, वनों की सुरक्षा, जैव विविधता को बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि उत्तराखंड की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया जा सके। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी तरुण एस., उप प्रभागीय वनाधिकारी अनामिका बुकरवाल, शिप्रा वर्मा, वन्यजीव एवं प्रकृति प्रेमी राजीव बिष्ट सहित कालागढ़ टाइगर रिजर्व, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, राजाजी टाइगर रिजर्व एवं उत्तराखंड वन विकास निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा लगभग 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *