उत्तराखण्ड

गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव 30 अक्टूबर से, तीन दिन सजेगा सांस्कृतिक रंग

-गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और नेपाली लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण

देहरादून। वीर गोरखा कल्याण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में उत्तराखंड और नेपाल की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष कमल थापा और अन्य पदाधिकारियों ने महोत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति इस वर्ष दसवीं बार गोरखा दशै-दीपावली महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य गोरखा समुदाय की पारंपरिक संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, महोत्सव में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा के साथ विधायक विनोद चमोली तथा महापौर सौरभ थपलियाल भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में मयूर नृत्य और आकाश थापा की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रहेगी।

महोत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकनृत्यों के साथ नेपाली लोकनृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन स्थल पर विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग उत्तराखंड और नेपाल की पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प और खानपान से परिचित हो सकेंगे।

पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद

महोत्सव में नेपाली व्यंजनों सेल रोटी, गोरखाली चटनी, फिनी, चुकानी और गुन्द्रुक के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक पकवानों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। समिति का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक समानताओं और पारंपरिक विरासत को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति की ओर से मेले में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत कुछ विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्हें समिति की ओर से विशेष सम्मान प्रदान करने की योजना है।

ये रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक इंजीनियर मेग बहादुर थापा, मेजर बीपी थापा, मेजर अमर राई, अध्यक्ष कमल थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दिवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनु गुरुंग, पूरन बहादुर थापा, यामु राना, शाहिल राणा, सोना शाही, ज्योति राना, बबिता गुरुंग, एनबी थापा, बुद्धेश राई और मीन गुरुंग सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *