उत्तराखण्ड

मसूरी पर बढ़ता पर्यटकों का बोझ बना चिंता का विषय, 20 हजार पेड़ों पर भी संकट

-मसूरी को बचाने के लिए पर्यटकों की संख्या नियंत्रित करने की मांग, मुख्य सचिव से मिला पर्यावरण प्रेमियों का प्रतिनिधिमंडल

-मसूरी को जोशीमठ जैसी आपदा से बचाने की चेतावनी, नई सड़क परियोजनाएं रद्द करने की उठी मांग
-मसूरी की वहन क्षमता से अधिक पर्यटन पर जताई चिंता, नई सड़क परियोजनाएं रद्द करने की मांग-मुख्य सचिव से मिला ‘सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून’ का प्रतिनिधिमंडल, 20 हजार पेड़ों के संभावित कटान और पार्किंग संकट का उठाया मुद्दा

देहरादून। मसूरी में बढ़ते पर्यटकीय दबाव, अनियंत्रित निर्माण और पर्यावरणीय असंतुलन को लेकर पर्यावरण संरक्षण संस्था ‘सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून’ ने चिंता जताई है। संस्था के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर मसूरी की वहन क्षमता निर्धारित करने और पहाड़ों के पर्यावरण को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा शामिल रहे। बैठक में मसूरी की वहन क्षमता को लेकर उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका तथा संस्था के सदस्यों और अनूप नौटियाल की ओर से दिए गए सुझावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मसूरी जैसे छोटे पहाड़ी शहर पर लगातार बढ़ता पर्यटकीय दबाव उसकी प्राकृतिक और बुनियादी ढांचा संबंधी क्षमताओं के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि समय रहते पर्यटकों और वाहनों की संख्या नियंत्रित नहीं की गई तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं।

मसूरी में भी जोशीमठ जैसी आपदा का खतरा

संस्था के सदस्य हिमांशु अरोड़ा ने कहा कि एक छोटे से पहाड़ी शहर पर आखिर कितना दबाव डाला जा सकता है। उन्होंने चेताया कि अनियंत्रित निर्माण और पर्यावरणीय असंतुलन के चलते मसूरी में भी जोशीमठ जैसी आपदा की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने लंढौर और झड़ीपानी क्षेत्रों में जमीन धंसने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं पहाड़ों की संवेदनशीलता को समझने के लिए गंभीर चेतावनी हैं।

उन्होंने दून घाटी में घटती हरियाली पर चिंता जताते हुए दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की लगभग 47 प्रतिशत हरियाली समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि शेष प्राकृतिक वनस्पति और हरित क्षेत्रों को नहीं बचाया गया तो आने वाले समय में पर्यावरणीय संकट और गहरा सकता है।

नई सड़क परियोजनाओं से 20 हजार पेड़ों पर संकट

ईरा चौहान ने प्रस्तावित झाझरा-मिस्सरपट्टी-मसूरी सड़क परियोजना का विरोध करते हुए कहा कि इसके निर्माण से लगभग 18 हजार से 20 हजार पेड़ों के कटान की आशंका है। इनमें साल, रोहिणी, बुरांश और बांज जैसी महत्वपूर्ण प्रजातियों के पेड़ शामिल हैं। इसके अलावा एलकेडी रोड के चौड़ीकरण में भी लगभग 700 पेड़ों के कटने की बात सामने आई है।

उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर लगातार पेड़ों का कटान और पहाड़ों में नई सड़कों का निर्माण पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ सकता है। जब मसूरी के लिए रोपवे परियोजना पर भी काम किया जा रहा है तो ऐसे में पहाड़ों पर अतिरिक्त सड़क परियोजनाओं की आवश्यकता और औचित्य पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

1,287 वाहनों की पार्किंग, हजारों गाड़ियों का दबाव कैसे सहेगा मसूरी

जया सिंह ने मसूरी की सीमित आधारभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर में पहले से ही पेयजल, सीवेज निस्तारण और पार्किंग की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे मसूरी में लगभग 1,287 वाहनों की पार्किंग क्षमता है। ऐसे में हजारों अतिरिक्त वाहनों को शहर में प्रवेश देने से यातायात व्यवस्था और पर्यावरण पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर की पार्किंग, पेयजल और सीवेज व्यवस्था सीमित है तो पर्यटकों की संख्या बढ़ाने से पहले इन व्यवस्थाओं की क्षमता का आकलन क्यों नहीं किया जा रहा है।

‘शहर हमारा घर, क्षमता के अनुसार ही बुलाएं पर्यटक’

प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं पर मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार किसी नागरिक को किसी शहर में आने से नहीं रोक सकती, क्योंकि देश में निर्बाध आवागमन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

इस पर हिमांशु अरोड़ा ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी घर में चार मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था है तो एक समय में चार ही मेहमानों को आमंत्रित किया जा सकता है। यदि इससे अधिक लोग आना चाहते हैं तो उन्हें किसी दूसरे समय आने का आग्रह किया जाएगा। इसी तरह मसूरी भी हमारा घर है और यहां उतने ही पर्यटकों को आने की अनुमति मिलनी चाहिए, जितनी शहर की प्राकृतिक और बुनियादी सुविधाएं संभाल सकें। उन्होंने कहा कि पर्यटन का अधिकार अपनी जगह है, लेकिन पर्यावरण और शहर की क्षमता की अनदेखी नहीं की जा सकती।

प्रतिनिधिमंडल ने रखे तीन प्रमुख सुझाव

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी के पर्यावरण संरक्षण और सुनियोजित पर्यटन के लिए तीन प्रमुख सुझाव दिए। इनमें मसूरी के लिए प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं को निरस्त करना, शहर में आने वाले पर्यटकों और वाहनों के लिए पंजीकरण व्यवस्था सख्ती से लागू करना तथा उपलब्ध पार्किंग स्थलों और होटलों में कमरों की वास्तविक संख्या के आधार पर पर्यटकों के प्रवेश की सीमा निर्धारित करना शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पर्यटकों की संख्या का निर्धारण इस तरह किया जाना चाहिए कि शहर के जल स्रोतों, सीवेज व्यवस्था, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव को भेज दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सरकार मसूरी की वहन क्षमता निर्धारित करने और इसके पर्यावरणीय संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *